फर्जी विधायक के बाद अब फर्जी पुलिस वालों पर भी चलेगा अभियान
गाड़ी मालिक ही नहीं, बैठने वालों पर भी केस दर्ज करेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। फर्जी पास के जरिए विधायक बनकर घूम रहे लोगों पर कार्रवाई के बाद अब फर्जी पुलिस वालों पर भी शिकंजा कसेगा। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने अभियान चलाने का निर्देश जारी कर दिया है। ऐसी गाड़ियां जिसके डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी होगी, पकड़े जाने के बाद गाड़ी मालिक और उसमें बैठे लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, फर्जी विधायकों पर कार्रवाई का असर बृहस्पतिवार को नजर आया। तमाम लोगों ने अपनी गाड़ी से विधायक और पूर्व विधायक का स्टीकर हटवा लिया। गलती से किसी की गाड़ी पर पुराना पास भी लगा मिला तो उसने उसे भी निकाल दिया।
जानकारी के मुताबिक, भौकाल बनाकर टोलटैक्स, पुलिस के चालान से बचने के लिए लोग तरह-तरह के हथकंडे अख्तियार करते हैं। अगर रिश्तेदार या घर का कोई सदस्य कभी विधायक रहा है तो पूरा परिवार ही नहीं रिश्तेदार और पहचान वाले भी अपने गाड़ी पर विधायक का स्टीकर लगाकर घूमते हैं। बृहस्पतिवार पकड़ी गई चार गाड़ियां यह बताने के लिए काफी हैं। हालांकि, इसी तरह से गाड़ी के डैशबोर्ड पर पुलिस कैप रखने का भी खूब चलन चल पड़ा है। ऐसा करके खुद को पुलिसवाला दिखाने या बताने की कोशिश कर लाभ लिया जा रहा है। टोल टैक्स में भी यह भौकाल काम आ रहा है। कोई परिचित या रिश्तेदार पुलिस में है तो वह गाड़ी में रहे या न रहे डैशबोर्ड पर उसकी टोपी जरूर रहेगी। अब एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर ने इस पर भी कार्रवाई का आदेश दिया है।
............
शहर में पाबंदी के बीच सवारी भर रहीं पांच प्राइवेट बसें सीज
गोरखपुर। प्राइवेट बसों पर पुलिस की कार्रवाई बृहस्पतिवार को भी जारी रही। पुलिस ने रोडवेज बस अड्डा से पांच प्राइवेट बसों को सीज कर दिया है। यह सभी पाबंदी के बाद भी सवारी भरते मिले हैं।
दरअसल, शहर में जाम से निपटने के लिए प्राइवेट बसों को बाहर किया गया है, लेकिन वे भी शहर में प्रवेश करने लगे हैं। इसी बीच रोडवेज की ओर से भी पुलिस को एक पत्र भेजा गया कि डग्गामार बसों की वजह से राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई है।
पुलिस ने चार बसों को बुधवार को सीज कर दिया था और केस भी दर्ज किया। अब बृहस्पतिवार को पांच और बसों पर कार्रवाई की गई है। प्रभारी निरीक्षक कैंट रणधीर मिश्रा ने बताया कि रोडवेज के पास सवारी भर रहीं पांच प्राइवेट बसों को सीज किया गया है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
कोट
गाड़ी के डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी रखकर चलने वालों पर भी अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई करेगी।
- डाॅ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी