गोरखपुर। चिलुआताल पुलिस ने सोमवार को काजीपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर उपेंद्र सिंह पर केस दर्ज कर लिया। आरोपी चंदन गिरोह का सदस्य है और कई बार जेल जा चुका है। यह केस काजीपुर की रहने वाली विवेकी सिंह की तहरीर पर दर्ज किया गया है। इस मामले में पहले उपेंद्र सिंह की तहरीर पर प्रिंस के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद सोमवार को प्रिंस की मां विवेकी सिंह ने थाने में तहरीर दी।
काजीपुर की रहने वाली विवेकी सिंह ने बताया कि उनका बेटा प्रिंस आठ अगस्त की शाम भूसा खरीदने के लिए ज्वाला यादव की दुकान पर गया था। वहां पर ज्वाला के बेटे के साथ बैठा था। इसी बीच आरोपी हिस्ट्रीशीटर उपेंद्र सिंह बाइक से पहुंचा और बेटे का सिर गमछे में लपेट दिया और पिटाई करने लगा। वहां हिस्ट्रीशीटर के दो और साथी बाइक से पहुंचे और बेटे को सब्बल व हथौड़े से पीटा। जान बचाते हुए उनका बेटा आरोपियों के पास से भागा तो उपेंद्र ने उसके ऊपर सब्बल चला दिया। संयोग से उनका बेटा बच गया। वही सब्बल हिस्ट्रीशीटर को लग गया और उसका सिर फट गया। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड है।
इस मामले की शिकायत करने पर स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करते हुए उनके द्वारा दी गई तहरीर पर विवेकी सिंह बेटे व अन्य के विरुद्ध केस दर्ज कर दिया। आरोपियों ने पहले भी हत्या की नीयत से उनके घर पर चढ़ाई की है।
इस संबंध में एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर चिलुआताल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जांच के बाद साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।