गोरखपुर। शाहपुर इलाके के वार्ड नंबर 43 से आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी अर्चना शुक्ला के पति सुशील कुमार शुक्ला पर चार मई पर हमला करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने पूर्व पार्षद चंद्रशेखर सिंह, राघवेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, अरशद लारी और सात से आठ अज्ञात लोगों को मारपीट, बलवा और धमकी देने का आरोपी बनाया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आप प्रत्याशी अर्चना शुक्ला ने दिए तहरीर में लिखा है कि चंद्रशेखर शाहपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। इस चुनाव में उनकी मां ज्ञांती देवी भाजपा से चुनाव लड़ रही है। चुनाव में ज्ञांती ने झूठा शपथ पत्र दिया था। इसकी शिकायत करने पर 27 अप्रैल को चंद्रशेखर अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार करते हुए मेरे घर पर आए थे। तब भी उन्होंने चुनाव लड़ने को लेकर पति को जान से मारने की धमकी दिए थे। इसकी शिकायत राज्य निर्वाचन आयोग में भी की थी। इसी को लेकर चार मई को मतदान वाले दिन बूथ पर मैं अपने पति सुशील शुक्ला के साथ खड़ी थी। इसी बीच चंद्रशेखर सिंह अपने समर्थकों के साथ आए और गाली देते हुए बोले कि मेरे खिलाफ कोई पर्चा नहीं भरता है, तुम मेरे खिलाफ चुनाव लड़ने की हिम्मत कैसे किए। इसके बाद सुशील को मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायल हालत में जिला अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।