- सांसद के प्रतिनिधि ने तहरीर पर चौरीचौरा पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। राज्यसभा सांसद संगीता यादव पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में चौरीचौरा पुलिस ने भोपा बाजार के इंजीनियर विशाल जायसवाल पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने सांसद प्रतिनिधि परशुराम गुप्ता की तहरीर पर कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है।
सांसद प्रतिनिधि परशुराम गुप्ता ने दिए तहरीर में लिखा है कि 22 मई को विशाल जायसवाल ने व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर संगीता यादव पर अभद्र टिप्पणी की। आरोप लगाया कि बतौर विधायक रहते हुए संगीता यादव ने कोई काम नहीं कराया। उनके इस कृत्य से राज्यसभा सांसद व हम जैसे समर्थकों की मानहानि हुई है। ऐसे व्यक्ति पर मानहानि व सोशल मीडिया में फर्जी अफवाह फैलाने का मुकदमा दर्ज किया जाना आवश्यक है। आरोप है कि विशाल लंबे समय से सांसद के खिलाफ इस तरह की अफवाह फैला रहे हैं। सोशल मीडिया पर बहुत से लोगों के पास उन्होंने संदेश भेज दिया है। उधर, आरोपी इंजीनियर का कहना है कि उसने कोई भी ऐसी टिप्पणी नहीं की है, जिसे अभद्र कहा जाए। सवाल पूछना जनता का अधिकार है और मैंने सिर्फ अपने अधिकार का ही इस्तेमाल किया है। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।