- गुलरिहा थाना में दर्ज किया गया केस
अमर उजाला ब्यूरो
गुलरिहा (गोरखपुर)। पारिवारिक असंतोष के बीच दहेज उत्पीड़न के मामले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। गुलरिहा पुलिस ने शुक्रवार को तीन अलग-अलग दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामलों में 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सराय गुलरिहा निवासी रामकिशन की बेटी की शादी 2020 में पीपीगंज क्षेत्र के शहाबगंज निवासी युवक गुड्डू से हुई थी। उनकी बेटी का कहना है कि शादी में पिता ने ससुरालियों की मांग के अनुसार दहेज दिया, फिर भी तीन लाख और दहेज के लिए पति गुड्डू, देवर घनश्याम और सास इसरावती ने गालियां देकर गला दबाकर मारने का प्रयास किया।
इसी तरह खुटहन खास निवासी विंध्याचल ने बेटी मनिता की शादी छह लाख दहेज देकर वर्ष 2022 में महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा क्षेत्र के नटवा निवासी युवक बाबू नंदन से की। आरोप है कि पीड़िता का पति, ससुर गणेश, सास देवंती, चाची पुष्पा, देवर इंग्लिश, रघुनंदन, ननद शीला, सोनी व नंदोई रामकिशन चार लाख दहेज की मांग को लेकर खाना पीना बंद कर मारना-पीटना चालू कर दिया।
महिला को घर से निकाला
गुलरिहा क्षेत्र के महराजगंज निवासी सुनीता देवी का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर पति अमरजीत, ससुर रामनेवास, भसुर अमरजीत ने गालियां देकर लाठी-डंडे से मारपीट कर घर से निकल दिया। इसकी सूचना डायल 112 पर भी दी। जिसके बाद पीड़िता मायके वालों के साथ चली गई। गुलरिहा पुलिस ने तीनों पीड़िताओं की तहरीर पर 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।