छुट्टी के समय स्कूल के सामने खड़ी कर देते हैं कार..नतीजा जाम
सिविल लाइंस में स्कूलों की छुट्टी के समय लग रहे जाम से परेशान हो रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। अगर आप सिविल लाइंस स्थित स्कूल रोड से होकर जाना चाह रहे हैं तो समय का जरूर ध्यान रखें। स्कूलों की छुट्टी के समय तो बिल्कुल ही इधर से न आइए। ऐसा इसलिए कि अभिभावक स्कूल के सामने ही अपनी कार खड़ी कर देते हैं, इसका नतीजा यह होता है कि लंबा जाम लग जाता है। चिलचिलाती धूप में इस जाम की सजा अभिभावकों और बच्चों को भी भुगतनी पड़ रही है।
सिविल लाइंस इलाके में डीएम आवास के सामने स्थित स्कूलों के आसपास शुक्रवार दोपहर 12 बजे बच्चों को घर पहुंचाने वाले निजी वाहन, ऑटो और वैन सड़क के फुटपाथ पर कब्जा जमाए हुए थे। जैसे ही 12:20 बजा, स्कूल गेट के सामने लक्जरी कारें आकर रुकने लगीं। स्कूलों में बच्चों की छुट्टी तो 12:30 बजे हुई, लेकिन इससे पहले ही सड़क पर वाहनों का रेला लग गया था।
गोरखनाथ क्षेत्र के अरविंद मिश्रा शुक्रवार को 12:30 बजे जरूरी काम से सिविल कोर्ट जा रहे थे। जल्द पहुंचने के लिए वह सिटी मॉल से होते हुए सिविल लाइंस में स्कूल रोड पर पहुंचे। इस रोड पर आकर करीब 35 मिनट तक जाम में फंसे रहे। अपने आप को कोसते रहे-दोपहर में स्कूल की छुट्टी के समय एक घंटे तक गलती से भी सिविल लाइंस और गोलघर इलाके में कदम नहीं रखना चाहिए। यहां जब भी स्कूल की छुट्टी के समय आया हूं, जाम में फंसकर परेशान हुआ हूं।
अभिभावक स्कूल गेट पर कर रहे थे इंतजार
अधिकतर अभिभावक स्कूल गेट के सामने और आसपास कार में एसी चलाकर बैठे थे। वहीं जाम में फंसे लोग जब पीछे से हॉर्न बजाते तो इसका असर कार में बैठे अभिभावकों पर नहीं पड़ रहा था। करीब 15 मिनट बाद एक बच्चा बाहर आया जो सामने खड़ी कार में बैठ गया। इसी तरह एक-एक कर बच्चे आते गए और वाहन आगे बढ़ते रहे। जाम में फंसे लोग यह कहते दिखे कि एक बच्चे के लिए इतनी बड़ी कार लगाकर पूरा रास्ता जाम कर दिया गया।
खतरे से होकर पैदल गुजर रहे थे बच्चे
सड़क पर कार और फुटपाथ पर ऑटो व वैन का कब्जा था। जाम की वजह जो बच्चे स्कूल से पैदल घर जाने के लिए निकल रहे थे, वे सड़क के किनारे बने नाले के स्लैब पर पैर रखकर जा रहे थे। वहीं, सड़क किनारे कई जगह नाला खुला था, जिसे कूदकर बच्चे पार कर रहे थे। एक भी बच्चे का पैर फिसले तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
अभिभावक बोले
बेतियाहाता निवासी सुशांत ने बताया-मैं अपनी कार यूनिवर्सिटी रोड पर खड़ी कर पैदल बच्चे को लेने आया हूं, लेकिन यहां तो इतना जाम है कि पैदल चलने की भी जगह नहीं दिख रही है। इसी तरह अलहदादपुर की रेनू ने बताया कि लोग थोड़ी सी समझदारी दिखाते हुए कार स्कूल से दूर खड़ी कर आते तो पैदल आने-जाने वालों को दिक्कत नहीं होती। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहनों की कतार देखकर डर लगता है कि कहीं किसी कार का पहिया बच्चे के पैर पर न चढ़ जाए।
यह इलाका होता है प्रभावित
दोपहर 12:30 बजे स्कूलों की छुट्टी के समय डीएम आवास के सामने हरिओम नगर, बाल बिहार, कार्मल रोड, गोलघर और टाउनहाल इलाके में जाम लगता है।
कार से बच्चे को न लाएं स्कूल
सिविल लाइंस इलाके के स्कूल प्रबंधकों का कहना है कि काफी पहले से अभिभावकों को मैसेज भेजकर कहा जा चुका है कि एक बच्चे को छोड़ने के लिए कार से न आएं। बच्चों को स्कूल छोड़ने और घर ले जाने के लिए स्कूटी या बाइक का इस्तेमाल करें, लेकिन इसके बाद भी अभिभावक मानते नहीं हैं।
वर्जन-
स्कूलों की छुट्टी के समय जाम न लगे, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। मैं खुद जाकर देखता हूं। स्कूल के सामने और आसपास वाहन नहीं खड़े होने चाहिए। ऐसे वाहनों का चालान किया जाएगा।
- संजय कुमार, एसपी यातायात