शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी में रविवार सुबह अनियंत्रित कार एक मकान की दीवार से टकरा गई। मकान मालिक का आरोप है कि टक्कर से उसके घर की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। विरोध किया तो कार चालक ने अपने दोस्ताें को बुला लिया और मकान मालिक की पिटाई कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद व 10-15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मकान मालिक देवांश शाही ने शाहपुर पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह 8:30 बजे कालोनी के मृत्युंजय सिंह, राघवेंद्र तिवारी व गोलू सिंह के साथ बरामदे में बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज आने पर बाहर निकल कर देखा तो उनके मकान की दीवार से एक कार टकराई है, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गया था। चालक कार लेकर भागने लगा।
काॅलोनी वासियों के मदद से कार सहित चालक को पकड़ लिया। आरोप है कि कार चालक ने धमकी देते हुए फोन कर अपने दोस्तों को बुला लिया। कुछ देर में ही पहुंचे आरोपियों ने घर में घुसकर गाली गलौज और मारपीट की। आसपास के लोग जुटे तब आरोपी देवांश शाही के गले से सोने की चेन व मृत्युंजय सिंह के कलाई की घड़ी खींच लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।