कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के सूरस गांव निवासी 71 वर्षीय गुलाबी देवी ने अपने छोटे दामाद दुर्गेश समेत पांच लोगों के खिलाफ फर्जी बैनामा कर संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।
गुलाबी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। आरोप है कि छोटी बेटी का पति दुर्गेश निवासी गोहरपुर (पुरंदरपुर, महराजगंज) ने जबरन उनके घर पर कब्जा कर लिया और मारपीट कर उन्हें बाहर निकाल दिया।
इसके बाद वह दूसरी बेटी के घर बसंतपुर टोला धनहिया में रहने लगीं। पीड़िता का आरोप है कि 9 दिसंबर 2025 को दुर्गेश ने साजिश के तहत उनकी जगह अपनी बहू रज्सा पत्नी मुकेश कुमार को गुलाबी देवी बनाकर उनकी पूरी संपत्ति का फर्जी बैनामा करा लिया।
इसमें दुर्गेश, उसका पुत्र मुकेश कुमार, गवाह प्रदीप साहनी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर पंजीकरण कराने वाले अधिवक्ता को आरोपी बनाया गया है। गुलाबी देवी के अनुसार, उन्हें फर्जीवाड़े की जानकारी 2 जुलाई 2026 को जमीन का इंतखाब निकलवाने के दौरान हुई। इसमें उनकी संपत्ति पर दुर्गेश का नाम दर्ज मिला।
सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।