पुलिस ने चलाया मॉडिफाई साइलेंसर के खिलाफ अभियान
मॉडिफाइड बाइक और साइलेंसर वाली दुकानों पर भी पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शहर में बाइक मॉडिफाई कराकर महंगे साइलेंसर लगाकर धांय-धांय करने वालों की अब खैर नहीं है। एसएसपी के निर्देश पर मंगलवार को एसपी ट्रैफिक संजय कुमार के नेतृत्व में बाइक मॉडिफाइड करने वाली दुकानों और स्टंटबाजों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान चेकिंग कर 741 वाहनों का चालान किया गया।
मंगलवार की शाम करीब पांच बजे एसपी ट्रैफिक के साथ पुलिस टीम काली मंदिर पहुंची। आस-पास के सभी मोटर पार्ट्स की दुकानों पर पहुंचकर टीम ने साइलेंसर की जांच की। इस दौरान दुकानों से साइलेंसर निकालकर पुलिस ने चेक किया। साथ में दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि मॉडिफाई साइलेंसर लगाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में ऐसी सभी दुकानों की क्रमवार चेकिंग चलती रहेगी।
अभियान के अंतर्गत टीम ने शहर क्षेत्र में एवं नौकायन तिराहे पर पांच वाहनों का चालान किया। रुस्तमपुर चौराहा से आजाद नगर चौराहा मार्ग पर अनधिकृत रूप से खड़े 81 दोपहिया व चारपहिया वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 741 वाहनों का चालान विभिन्न धाराओं में किया गया। साथ ही आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि यह अभियान लगातार चलता रहेगा। किसी भी दुकान पर मॉडिफाई साइलेंसर मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।