-
11 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगे नौ मिनट
एयरपोर्ट पर एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजा गया मरीज
नाक से खून आने की थी दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को एक मरीज की जान ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बचाई। शहर में 11 किलोमीटर की दूरी मात्र नौ मिनट में तय करके एंबुलेंस से मरीज को एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से एयर एंबुलेंस के जरिए मरीज मुंबई के एक बड़े निजी अस्पताल के लिए रवाना हुआ। मरीज के नाक से खून निकलने की शिकायत थी।
बताया जा रहा है कि वाराणसी के छितईपुर के रहने वाले हर्षित चहरिया (38) ने आठ दिन पहले अपने नाक का ऑपरेशन मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में कराया था। ऑपरेशन के एक सप्ताह बाद रविवार को उनके नाक से खून बहने लगा। परिजनों ने वाराणसी के डॉक्टरों से संपर्क किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उसी दौरान मुंबई जाने की सलाह दी।, लेकिन उस दिन मुंबई के लिए काेई फ्लाइट नहीं थी। इस पर परिजन गोरखपुर के एक रिश्तेदार डॉक्टर से संपर्क कर यहां आ गए। आने के दौरान हर्षित ने नाक दबाए रखा, जिसकी वजह से खून लंग्स में चला गया। इस वजह से बेहोशी की स्थिति आ गई। तत्काल उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज हुआ। इस बीच, बुधवार को राहत हुई, लेकिन फिर नाक से खून आना शुरू हो गया। इस पर किसी तरह खून को रोक दिया गया, लेकिन डॉक्टरों ने तत्काल हायर सेंटर जाने की सलाह दी। इस पर डॉक्टरों की टीम ने एसएसपी की मदद से ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से ग्रीन कॉरिडोर बनाया। इसकी मॉनिटरिंग एसपी ट्रैफिक डॉ. एमपी सिंह खुद कर रहे थे। उनके निर्देश पर आईटीएमएस की टीम ने मानिटरिंग शुरू की। इसके बाद एंबुलेंस सावित्री हॉस्पिटल से विजय चौराहा, गणेश चौराहा, यूनिवर्सिटी चौराहा, मोहद्दीपुर चौराहा और कूड़ाघाट तिराहा होते हुए एयरपोर्ट तक की करीब 11 किमी की दूरी मात्र नौ मिनट में तय की। इसके बाद मरीज को एयर एंबुलेंस से मुंबई भेजा गया। इस पर एसपी ट्रैफिक ने टीआई मनोज राय सहित आईटीएमएस कर्मियों को बधाई दी है। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि अब तक 44 मामलों में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर मरीजों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया है।