गोरखपुर। रोडवेज बस स्टेशन परिसर में शनिवार को बसें खड़ी होने से यात्रियों को काफी सुविधा हुई। रोडवेज के सामने सड़क पर जाम नहीं लगने से समय की काफी बचत भी हुई। सड़कें जो बस की पार्किंग की तरह दिखाई देती थीं, वहां आवागमन सुगम रहा। सड़कें बसों की भीड़ से मुक्त रहीं। लोगों ने कहा कि आज लगा ही नहीं यह वही जाम वाली सड़क है।
शानिवार लगभग एक बजे रोडवेज बस स्टेशन के सामने का नजारा देखने लायक रहा। जाम के झाम से जूझते लोग आसानी से अपने गंतव्य को जा रहे थे। सड़कों पर खड़ी बसें नहीं दिखने से जाम से लोगों को छुटकारा मिल गया। प्रतिदिन रोडवेज बस से कुशीनगर की यात्रा करने वाले सरकारी कर्मचारी हरीश ने बताया कि रोज बस पकड़ने में हमारा 15 मिनट का नुकसान होता था। परन्तु आज बस पकड़ने में ज्यादा समय नहीं लगा। आटो वाले ने भी हमको दूर न उतारकर बस के निकट छोड़ा। जिससे बस पकड़ने में आसानी हुई।
रोडवेज बस से यात्रा कर रहे यात्री अनुपम चौधरी को देवरिया जाना था। उन्होंने बताया कि वह अपने व्यसाय के काम से हमेशा गोरखपुर आते हैं परन्तु रोडवेज पर हरदम जाम का सामना करना पड़ता था। आज पहली बार यह देखने को मिला है कि यहां से जाम हटवाया जा रहा है। सड़कें जाम से मुक्त दिखाई दे रहीं हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह का नजारा हमेशा देखने को मिले तो यहां आने-जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।