आवासीय योजना के लिए लच्छीपुर में हटाया अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार एवं ओएसडी शिवम सिंह के नेतृत्व में बुधवार को लच्छीपुर स्थित 3.50 एकड़ जमीन पर कब्जा लिया गया। इस दौरान जमीन पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और प्रवर्तन दल मौजूद रहा।
गोरखनाथ क्षेत्र में शास्त्रीपुरम एवं ललितापुरम आवासीय योजना के लिए लच्छीपुर में प्राधिकरण ने जमीन अधिग्रहित की थी। जमीन पर अनाधिकृत निर्माण एवं अतिक्रमण कर लिया गया था। इस पर अवर सिविल जज सीनियर डिवीजन-द्वितीय/एसी जेएम में केस चल रहा था। कोर्ट ने 18 मार्च 2023 को प्राधिकरण के पक्ष में निर्णय सुनाया था। इसी आदेश के अनुपालन में बुधवार को प्राधिकरण के अधिकारियों ने लच्छीपुर की आराजी संख्या 804, 917,918, 919, 920, 921 एवं 939, 940, 941 पर स्थित तकरीबन 4.72 एकड़ अधिग्रहीत भूमि से लगभग 3.50 एकड़ भूमि से अतिक्रमण हटा कब्जा प्राप्त किया।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता कुंज बिहारी, राज बहादुर सिंह, विनोद कुमार शर्मा एवं अवर अभियंता मनीष कुमार त्रिपाठी, डीएन शुक्ला, रमापति वर्मा, तहसीलदार रामभेज, सर्वेयर ओम प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।
ग्रुप हाउसिंग भवनों का होगा निर्माण
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने कहा कि अदालत के आदेश के अनुपालन पर जमीन पर कब्जा ले लिया गया है। शास्त्रीपुरम एवं ललितापुरम आवासीय योजना में अधिग्रहीत भूमि पर ग्रुप हाउसिंग भवनों के निर्माण की योजना बनाई जाएगी।