जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता की अगुवाई में प्रवर्तन दल एवं पुलिस बल ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बिना नक्शा पास कराए भवन निर्माण कराने वालों पर जीडीए सख्त हो गया है। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर प्राधिकरण के प्रवर्तन दल एवं पुलिस बल के साथ पहुंच कर अधिकारियों ने दो भवनों को सील कर दिया। इनमें एक भवन का निर्माण महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक शिवपुर में आशुतोष मिश्रा द्वारा जबकि दूसरे भवन का निर्माण महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर एक में रंजना सिंह द्वारा कराया जा रहा था। दोनों लोगों को पूर्व में नोटिस दिया जा चुका था।
प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। काफी संख्या में बिना नक्शा पास कराए भवन निर्माण चिह्नित किए गए हैं जिन पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, सहायक अभियंता कुंज बिहारी, विनोद कुमार शर्मा, राज बहादुर सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार शर्मा, रमापति वर्मा, डीएन शुक्ला, मनीष कुमार त्रिपाठी, संजीव तिवारी शामिल रहे।
उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी तरह का निर्माण मान्य नहीं है। अवैध तरीके से निर्माण करने पर कार्रवाई की जाएगी।