जानकारी के मुताबिक, परमेश्वरपुर निवासी मंगरू की बेटी मनीता की शादी पांच साल पहले गीडा के नगवां जैतपुर निवासी दूधनाथ के साथ हुई थी। पति-पत्नी में विवाद के बाद तीन साल से दोनों अलग रह रहे हैं। मनीता अपने मायके में पिता के घर रहती है। शनिवार की रात वह तीन साल की बेटी रोशनी के साथ घर में सोई थी। अचानक दो बजे मां ने बताया कि बच्ची लापता हो गई है। परिजनों ने काफी खोजबीन की और फिर चिलुआताल पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद ही एसपी नार्थ डॉग स्क्वाॅड के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने अज्ञात पर अपहरण का केस भी दर्ज कर लिया। अभी पुलिस जांच कर ही रही थी कि सोमवार की सुबह रोशनी के मामा और मौसी को बाउंड्रीवाल के भीतर शव होने की जानकारी मिली। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्ची बाउंड्रीवाल के अंदर मृत मिली। देखने से शरीर पर चोट के निशान नहीं थे, लेकिन पोस्टमार्टम में सिर में चोट से मौत की पुष्टि हुई है। अब पुलिस दर्ज केस में हत्या की धारा बढ़ाएगी।
लापता बच्ची की बाउंड्रीवाल के भीतर लाश मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हर पहलु पर जांच कर रही है। कुछ सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। -मनोज अवस्थी, एसपी नार्थ