दुर्घटना में मृत भाई की फोटो और घायल बहन अस्पताल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गोला थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन सहित दो लोग घायल हो गए। युवक अपनी बहन को इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा दिलाने जा रहा था। रास्ते में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार बेलपार पाठक गांव निवासी अनीस गौड़ पुत्र विपिन गौड़ सोमवार सुबह करीब सात बजे अपनी बहन श्रेया गौड़ को इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा दिलाने के लिए बड़हलगंज क्षेत्र के एक विद्यालय ले जा रहा था। दोनों जैसे ही गोला–उरुवा मार्ग पर चंदौली गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अनीस गौड़ को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरे घायल की पहचान 28 वर्षीय रामदयाल पुत्र रामआसरे निवासी खिरजीपुर जिला अंबेडकर नगर के रूप में हुई है। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि रामदयाल का ससुराल गोला थाना क्षेत्र के पतरा गांव में है और वह ससुराल से विवाद के बाद वापस अपने घर जा रहा था।
मृतक अनीस गौड़ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और स्नातक का छात्र था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।