- गीडा क्षेत्र में मां के साथ किराए के एक मकान में रहते थे तीनों
- सोमवार की रात समोसा व पनीर खाकर सोए, सुबह हो गई मौत
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गीडा के बांसपार में सोमवार की रात समोसा, पनीर खाकर सोए भाई बहन की सुबह मौत हो गई। दोनों के शव का बुधवार को पोस्टमाॅर्टम हुआ, मौत का कारण नहीं स्पष्ट होने पर उसका विसरा सुरक्षित कर लिया गया। उधर, पोस्टमाॅर्टम के बाद परिजनों ने दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं घटना के बाद हिरासत में लिए गए बंगाली डाॅक्टर से पूछताछ के बाद गीडा पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के कटघरा की रहने वाली सीमा का पति दूधनाथ गुप्ता से विवाद है। 15 वर्ष से दोनों अलग रहते हैं। जीविका चलाने के लिए सीमा गीडा की फैक्ट्री में काम करती है। बांसपार गांव में गंगा पांडेय के मकान में किराए पर कमरा लेकर 15 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के साथ रहती थी। एक माह पहले विवाहित बेटी पूजा भी सीमा के पास आ गई। विकास सोमवार शाम को पिपरौली कस्बा स्थित एक दुकान से पनीर व समोसा खरीदकर लाया, जिसे भाई-बहन ने खाया। कुछ देर बाद विकास के पेट में दर्द शुरू हो गया। परिजन उसे बंगाली डाॅक्टर के पास ले गए। उसने दर्द का इंजेक्शन लगाकर घर भेज दिया।
एक घंटे बाद विकास की तबीयत फिर बिगड़ी तो परिवार के लोग झुंगिया स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बंगाली डाॅक्टर को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। भाई-बहन के शव का पोस्टमाॅर्टम कराने के बाद परिजन को सौंप दिया गया। दोनों का बिसरा सुरक्षित किया गया है। रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।