वार्ड नंबर 14 सोमवार से शुरू हो रहा है
- 28 जुलाई को आग लगने से जल गए थे वार्ड के उपकरण
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज का वार्ड नंबर 14 फिर से मरीजों की भर्ती के लिए तैयार हो गया है। मेडिसिन विभाग के इस इमरजेंसी वार्ड में बीते 28 जुलाई की रात में लगी आग से कई उपकरण जल गए थे। वार्ड चालू होने पर मेडिसिन विभाग में आ रहे मरीजों को राहत मिलेगी।
मेडिसिन इमरजेंसी विभाग के वार्ड में लगी आग की लपटों व धुएं से घिरे मरीजों को अस्पताल कर्मियों और तीमारदारों ने बड़ी मुश्किल से सुरक्षित बाहर निकाला था। मेडिसिन विभाग की इमरजेंसी को वार्ड नंबर 11 में चलाया जा रहा है। इसके अलावा मरीज वार्ड नंबर दो, छह व 100 में भर्ती कराए जाते हैं। अलग-अलग वार्डाें में मरीज भर्ती होने से डॉक्टरों को इनकी निगरानी के लिए परेशान होना पड़ता है। मरीजों को भी दिक्कत आ रही है। इधर बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने के चलते इमरजेंसी वार्ड को जल्दी सक्रिय करने की जरूरत पड़ रही है।
आग लगने के अगले दिन से ही इस वार्ड की सफाई और मरम्मत का कार्य चल रहा था। मेडिसिन विभाग की एचओडी डॉ. माध्वी सरकारी ने बताया कि इस वार्ड में जो भी जरूरी काम थे, कराए जा चुके हैं। इस वक्त बुखार के मरीजों की बढ़ी संख्या के चलते इस वार्ड की जरूरत पड़ रही है। प्रयास किया जा रहा है कि एक से दो दिन में इसमें मरीजों को भर्ती करने का काम शुरू कर दिया जाए।
एसआईसी डॉ. राजेश कुमार राय ने बताया कि वार्ड की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। जल्दी ही इसे भी मरीजों के लिए उपलब्ध कराने की तैयारी है।
-