पाली। सहजनवां थाना क्षेत्र के घघसरा चौकी अंतर्गत परशुराम नगर पनिका गांव में बृहस्पतिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। घर के निर्माण के दौरान टुल्लू पंप के तार के संपर्क में आने से 10 वर्षीय बालक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पनिका निवासी पप्पू गौड़ के पुत्र प्रियांशु के रूप में हुई है। बताया गया कि घर में नए मकान का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान टुल्लू पंप चल रहा था। अचानक प्रियांशु बिजली के तार के संपर्क में आ गया और उसे करंट लग गया। परिजन ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रियांशु कक्षा छह का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था। घटना की सूचना पर घघसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। हादसे के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना से गांव में भी शोक है। सहजनवां थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि जानकारी पर घघसरा पुलिस ने छानबीन की है।