चिलुआताल इलाके के मोहरीपुर में रविवार को पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में झुलसी दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाओं का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रह था। एक महिला ने सोमवार देर रात, जबकि दूसरी ने मंगलवार सुबह दम तोड़ा। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
चिलुआताल क्षेत्र के च्यूटीजाम निवासी विनोद कुमार मोहरीपुर जंगल बहादुर अली में करीब 12 साल से लाइसेंसी पटाखा फैक्टरी चला रहे हैं। रविवार दोपहर करीब दो बजे फैक्टरी में काम करने वाली दो महिलाएं जंगल नकहा नंबर एक के राजभर टोला की परमिला और शकुंतला अनार बना रही थीं। बताया जा रहा है कि ज्यादा मात्रा में बारूद भर देने के कारण चिंगारी निकली, जिससे आग लग गई। इसके बाद फैक्टरी में विस्फोट होने लगा। इसकी चपेट में दोनों महिलाएं आ गईं। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से दोनों महिलाओं को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां सोमवार देर रात परमिला और मंगलवार सुबह शकुंतला ने दम तोड़ दिया।