बघहीभारी क्षेत्र के पास शुक्रवार सुबह हाईवे किनारे खड़ी आई-20 कार (UP56BA0015) में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक धनेश जायसवाल, उम्र लगभग 50 वर्ष, नौतनवा महराजगंज का निवासी है। शव कार की पिछली सीट पर पाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए और कार के अंदर से शराब की बोतल, कोल्ड ड्रिंक, बर्गर और प्लास्टिक के गिलास बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया यह आशंका जता रही है कि संभवतः शराब के अधिक सेवन से तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हुई हो, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम भी जांच कर रही है। कैंपियरगंज के सीओ अनुराग सिंह और पीपीगंज थाना अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय कार में मृतक के साथ कोई और व्यक्ति मौजूद था या नहीं। जांच जारी है।