गोरखपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय माया बाजार सेवाकेंद्र की ओर से रविवार को आरपीएफ प्रशिक्षण केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए कुल 70 यूनिट रक्तदान किया। अधिकारियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया और शिविर के आयोजन में पूर्ण सहयोग दिया। शिविर को सफल बनाने में माया बाजार सेवाकेंद्र की प्रभारी बीके समृद्धि और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। रक्त संग्रह की जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर की टीम ने संभाली। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आईजी सह पीसीएसई सत्यप्रकाश और जनरल ट्रेनिंग के उप प्रधानाचार्य एनएम वशिष्ठ सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति रही।