गोरखपुर में सबसे कम तीन व बांसगांव में चार मत ही मिले
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। लोकसभा चुनाव में गोरखपुर और बांसगांव संसदीय सीट के कुछ बूथों पर भाजपा को दहाई से भी कम वोट मिले हैं। इसमें चार बूथ गोरखपुर और तीन बूथ बांसगांव के हैं। इन बूथों पर सपा को 400 से 500 मत मिले हैं।
चुनाव के बाद अब भाजपा ने कम वोटों की समीक्षा शुरू करा दी है। निर्वाचन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, गोरखपुर लोकसभा सीट के शहर विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 238 से 9 और 240 से 3 मत ही मिले हैं, यहां सपा ने 478 और 78 मत प्राप्त किए हैं। इसके अलावा गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 163 से भाजपा को 6 मत ही मिला। यहां भी सपा ने 595 मत हासिल किए। इसके अलावा बूथ संख्या 35 पर 40, 37 पर 15, 41 पर 13, 167 पर 6, 412 पर 15 मत ही भाजपा पा सकी है। इसी तरह बांसगांव के बांसगांव विधानसभा क्षेत्र में बूथ संख्या 90 पर 4, 158 पर 8, 127 पर 13, 321 पर 17 वोट मिले हैं।
कई बूथों पर भाजपा के पक्ष में एकतरफा मतदान
गोरखपुर संसदीय सीट से कई बूथों पर भाजपा उम्मीदवार रवि किशन शुक्ल के पक्ष में एकतरफा मतदान हुआ है। बूथ संख्या 42 से भाजपा को 619 मत और सपा को सिर्फ 62 मत, 237 से भाजपा को 726 व सपा को 135, बूथ नंबर 250 से भाजपा को 449 व सपा को 85, बूथ नंबर 300 से भाजपा को 684 व सपा को 76 मत ही मिले हैं।
कई बूथों पर भाजपा से आगे रही भाजपा
बांसगांव संसदीय सीट से कई बूथ ऐसे भी थे जहां भाजपा से अधिक वोट बसपा को मिले। मसलन, बूथ संख्या 267 पर भाजपा को 21 और बसपा को 145 मत मिले। इसी प्रकार बूथ संख्या 326 से भाजपा को 21 व बसपा को 198 मत, 55 से भाजपा को 28 व बसपा को 218, बूथ संख्या 86 से भाजपा को 43 व बसपा को 105 मत हासिल हुए हैं।
32 बूथों पर एक भी वोट नहीं पाई बसपा, एजेंटों ने भी नहीं दिए
गोरखपुर। गोरखपुर और बांसगांव संसदीय सीट में बसपा को उनके ही एजेंटों ने धोखा दे दिया। जिन विश्वासपात्र लोगों को बूथ एजेंट बनाया गया उन्होंने दूसरे दलों के उम्मीदवारों को वोट दे दिया। कुल 32 बूथों पर ऐसा मामला सामने आया है।
गोरखपुर संसदीय सीट से 14 और बांसगांव संसदीय सीट में 18 बूथों पर बसपा को एक भी वोट नहीं मिले हैं। गोरखपुर संसदीय सीट पर शहर विधानसभा सीट से सबसे ज्यादा पांच बूथों पर सात बूथों पर शून्य वोट मिले हैं। इसी तरह बांसगांव के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन, चिल्लूपार में आठ और चौरीचौरा में तीन बूथों पर बसपा का खाता नहीं खुला है।