–गुलरिहा इलाके में हुई घटना, पुलिस छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गुलरिहा इलाके के एक कस्बे में बृहस्पतिवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने युवक का मोबाइल फोन लूट लिया। शुक्रवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक गुलरिहा के हफीजनगर निवासी देवेंद्र प्रजापति बृहस्पतिवार को बहन की दवा लेने गुलरिहा बाजार गए थे। दवा लेकर लौटते समय प्राथमिक विद्यालय के बगल वाले रास्ते से घर जा रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक फोन आने पर वह मोबाइल निकाल कर बात करने लगे। तभी पीछे से आए बाइक सवारों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। शोर मचाने पर आस-पास के लोग आ गए, लेकिन तब तक बदमाश बाइक से फरार हो गए थे। पीड़ित ने शुक्रवार को थाने में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
-बढ़ गई छिनैती की घटनाएं
जिले में हाल के दिनों में छिनैती की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। रामगढ़ताल इलाके में कुछ दिन पहले ही डॉक्टर की मां की चेन छीनकर बदमाश फरार हो गए थे। अभी पुलिस इस मामले की जांच में जुटी थी, तभी सोमवार को शाहपुर इलाके में महिला सिक्योरिटी गार्ड का मोबाइल फोन लूट कर बदमाश फरार हो गए। इन दोनों घटनाओं का पुलिस अभी पर्दाफाश नहीं कर सकी थी कि बृहस्पतिवार को बाइक सवार बदमाशों ने गुलरिहा इलाके में घटना को अंजाम देकर एक बार फिर पुलिस को चुनौती दे दी है। हालांकि, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, जल्द ही सभी घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।