कैंपियरगंज। नगर पंचायत चौमुखा के मुजुरी रोड पर बुधवार रात बाइक सवार युवकों ने स्कूल बस पर ईंट फेंककर सामने का शीशा तोड़ दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सरस्वती विद्या मंदिर चिऊटहा जंगल कौड़िया की स्कूल बस चालक ओंकार अपने आवास के सामने रोज बस खड़ी करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह जब वे स्कूल जाने से पहले बस की सफाई कर रहे थे, तब उन्होंने देखा कि ड्राइवर सीट के सामने का शीशा टूटा हुआ है। बस के आगे ईंट का टुकड़ा पड़ा हुआ है। इसके बाद जब उन्होंने घर के सामने लगे सीसीटीवी फुटेज देखा तो रात करीब 2:11 बजे कैंपियरगंज चौराहे से मोदीगंज की ओर जा रहे दो बाइक सवार युवक बस के सामने रुकते दिखे। उनमें से एक युवक ने ईंट मारकर शीशा तोड़ दिया, जिसके बाद दोनों भाग गए। बस चालक ओंकार ने जानकारी पुलिस को दी और अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाप्रभारी राकेश कुमार रोशन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद