बिहार के गोपालगंज में सराफा कारोबारी के यहां लूट और कर्मचारी को घायल करने के बाद फरार शातिर मुलायम भगत उर्फ मुलायम कुमार को बिहार एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे गोरखपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों ने बताया कि वह गोपालगंज में लूट के बाद गोरखपुर में बड़ी घटना अंजाम देने के फिराक में था।
सूत्रों ने बताया कि बिहार के बाद गोरखपुर में दिवाली के दौरान अवैध सोने की खपत अधिक होने की वजह से ये लुटेरे यहां घटना अंजाम देने के फिराक में थे। लेकिन, बिहार में वांटेड होने की वजह से वहां की पुलिस इसकी तलाश में थी, जो रविवार को गिरफ्तारी के बाद पूरी हो गई।
16 अक्तूबर को गोपालगंज में ज्वेलरी की दुकान में लूट की बड़ी वारदात हुई थी। बेखौफ अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस लूटकांड के एक सप्ताह बाद सभी आरोपियों का पुलिस ने फोटो और वीडियो हासिल किया। एसपी गोपालगंज ने फोटो के आधार पर पहचान करने वाले को 10 हजार रुपये इनाम देने की भी घोषणा की।
गोपालगंज एसपी ने इस लूटपाट का एक लाइव वीडियो भी साझा करवाया था, ताकि पहचान हो सके। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विजयीपुर के मुसहरी बाजार के विंध्यवासिनी ज्वेलरी शॉप में अपराधियों ने लूटपाट की थी। इस लूट के दौरान अपराधी हथियार लहराते हुए यूपी की तरफ भागे थे। अपराधियों ने पहले हथियार निकाला और दुकानदार को बंधक बनाकर उसकी आलमारी और काउंटर में रखा नकद लेकर फरार हो गए थे।
एसटीएफ सूत्रों की मानें तो मुलायम गोरखपुर के रेलवे स्टेशन पर था। स्टेशन से देवरिया जाने की फिराक में था। इसी दौरान गोरखपुर स्टेशन के पास से बिहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
देवरिया में भी है कई मामलों में वांछित
देवरिया के खामपार थाना क्षेत्र में में 2021 में सराफा कारोबारी के यहां लूट की घटना हुई थी। इसमें मुलायम के ऊपर लूट, चोरी और बेइमानी की धारा में केस दर्ज हुआ था। इसके बाद गिरोह के गुर्गों ने देवरिया में कुछ और घटनाओं को अंजाम दिया। एक साल बाद मुलायम पर खामपार थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज कर पाबंद किया गया था।
गिरोह के निशाने पर रहते हैं सराफा
जांच एजेंसी के सूत्रों की मानें तो यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से गोलबंद होकर लूट और अपराध में शामिल रहता है। किसी घटना को अंजाम देने से पहले गुर्गे अपनी पहचान पूरी तरह छिपाकर रेकी करते हैं। इस दौरान टोपी पहनकर बाजारों में कैमरे से बचते-छिपते रेकी करते हैं। इसके बाद अधिकतम 10 मिनट में पूरी घटना को अंजाम देते हैं। एक साथ आठ से दस की संख्या में ये अपराध अंजाम देते हैं।
एसपी गोपालगंज स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गोपालगंज में बड़ी लूट और अन्य घटनाओं में वांछित मुलायम भगत फरार चल रहा था। एसटीएफ और पुलिस ने गोरखपुर से मुलायम से की गिरफ्तारी की है। देवरिया में भी कई मामलों में मुलायम का नाम आया था।