-अप्रैल में राष्ट्रीय टीम ने सीएचसी का किया था मूल्यांकन
-एनक्वास श्रेणी में 90.09, जबकि लक्ष्य कार्यक्रम में 91 फीसदी स्कोर मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए भटहट सीएचसी को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेशन (एनक्वास) के तहत राष्ट्रीय स्पर पर प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। साथ ही यहां के प्रसव कक्ष को लक्ष्य सर्टिफिकेशन भी दिया गया।
जनपद में पहली बार किसी सीएचसी को यह प्रमाणपत्र जारी किया गया है। एनक्वास श्रेणी में सीएचसी को 90.09 फीसदी, जबकि लक्ष्य कार्यक्रम में 91 फीसदी स्कोर मिले हैं। सीएमओ डाॅ. आशुतोष कुमार दूबे ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी है।
सीएमओ ने बताया कि दो सदस्यीय राष्ट्रीय टीम ने अप्रैल में सीएचसी का मूल्यांकन किया था। उन्होंने बताया कि डीएम कृष्णा करुणेश और सीडीओ संजय कुमार मीणा के नेतृत्व में जिला स्तरीय टीम व भटहट सीएचसी के समन्वय से यह उपलब्धि हासिल हो सकी है। सीएचसी को पुरस्कार के तौर पर 1.5 लाख रुपये जबकि वहां के प्रसव कक्ष को दो लाख रुपये मिलेंगे।
पांच मानकों पर खरा उतरा सीएचसी
नोडल अधिकारी डॉ नंद कुमार ने बताया कि सीएचसी को छह में से पांच मानकों पर फिट पाया गया। प्रसव कक्ष को सभी मानकों पर पूर्ण पाया गया है। एक्सीडेंटल व इमर्जेंसी सेवा, ओपीडी सेवा, आईपीडी सेवा, लेबोरेटरी, फार्मेसी, ऑक्जीलरी सेवा और सामान्य प्रशासन सेवा की गुणवत्ता के कारण सीएचसी को एनक्वास मिला है। बताया कि सीएचसी को सफलता दिलवाने में मंडलीय क्वालिटी एश्योरेंस कंसल्टेंट डॉ जसवंत मल्ल, पूर्व जिला क्वालिटी एश्योरेंस कंसल्टेंट डॉ मुस्तफा खान, डॉ मुकुल, डॉ कमलेश और जिला प्रशासनिक कार्यक्रम सहायक (क्वालिटी) विजय कुमार श्रीवास्तव ने विशेष योगदान दिया।
मरीजों के लिए बनवाएंगे शेड, लगेगी रंगीन लाइट
भटहट सीएचसी के अधीक्षक डॉ अश्विनी चौरसिया ने बताया कि एनक्वास मिलना अस्पताल के हर कर्मचारी के लिए गौरव की बात है। पुरस्कार के तौर पर जो धनराशि प्राप्त होगी, उससे मरीजों के लिए शेड बनवाया जाएगा, ताकि उन्हें धूल, धूप और बारिश में कठिनाई का सामना न करना पड़े। परिसर में कलरफुल लाइट भी लगवाए जाएंगे। प्रसव कक्ष को ओटी की तरह विकसित किया जाएगा।