ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर, त्रयम्बकेश्वर, घृणेश्वर एवं भीमा शंकर सहित कुल सात ज्योर्तिलिंग और द्वारिकाधीश के दर्शन कराने के लिए गोरखपुर से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन 26 जून को चलाई जाएगी। यह यात्रा आठ जुलाई तक चलेगी, जिसमें 12 रात और 13 दिन शामिल हैं। संपूर्ण भारतीय रेल पर थीम आधारित पर्यटक ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
भारत गौरव ट्रेनें भारतीय रेल की टूरिस्ट सर्किट ट्रेनें हैं जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिकता और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर नगरों का दर्शन कराती हैं। इस ट्रेन में चढ़ने व उतरने के लिए गोरखपुर, कप्तानगंज, थावे, सीवान, छपरा, वाराणसी, प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई जंक्शन (झांसी), ललितपुर और बीना स्टेशनों पर सुविधा प्रदान की गई है।
गाड़ी में यात्रा के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com पर टिकट बुक किया जा सकता है।
सात ज्योर्तिलिंग यात्रा ट्रेन 26 जून को गोरखपुर से सुबह में प्रस्थान कर कप्तानगंज, थावे, सीवान, छपरा, वाराणसी, प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई जंक्शन (झांसी), ललितपुर और बीना स्टेशनों पर रुकेगी। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन में कंफर्ट श्रेणी में 49, स्टैंडर्ड श्रेणी में 70 और इकोनाॅमी श्रेणी में 648 बर्थ सहित कुल 767 बर्थ उपलब्ध हैं।