संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दिग्विजय नाथ पीजी कॉलेज में खेल दिवस के मौके पर बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 94 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले जाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भारत सरकार ने 2012 में उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया था। भारत सरकार खेलों में युवाओं के रुचि बढ़ाने के लिए खेलो इंडिया मुहिम के अंतर्गत लगातार प्रयास कर रही है। क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. परीक्षित सिंह ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को स्वस्थ रहने के लिए अपनी रुचि के खेल को अपने दिनचर्या में स्थान देना चाहिए। क्रीड़ा परिषद के सचिव डॉ. अवधेश शुक्ल ने बताया कि ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ महाराज स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता के एकल बालिका वर्ग में 40 एवं एकल बालक वर्ग में 54 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. सरिता सिंह, डॉ. अखंड प्रताप सिंह, डॉ. राकेश कुमार सिंह, डॉ. राम प्रसाद यादव सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।