गोरखपुर। देवरिया में थ्रेशर की चपेट में आने से ढाई साल की बच्ची की बाईं आंख बुरी तरह जख्मी हो गई। हादसे में उसकी ऊपरी और निचली पलकें क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि आंख के पास की हड्डी में भी फ्रैक्चर हो गया। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर जांघ की त्वचा से बच्ची की पलकों का पुनर्निर्माण किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। परिजन के मुताबिक, 12 नवंबर को शाम करीब चार बजे बच्ची गेहूं की फसल से दाना अलग करने वाली थ्रेशर मशीन की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल देवरिया ले गए। वहां से डॉक्टरों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रात आठ बजे उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रामयश सिंह यादव ने बताया कि जांच में खोपड़ी और आंख के पास की हड्डी में फ्रैक्चर मिला। आंख की पुतली और रेटिना भी चोटिल थे। 14 नवंबर को विशेषज्ञों की टीम ने सामान्य बेहोशी में सर्जरी की। बच्ची की जांघ के ऊपरी हिस्से से त्वचा लेकर क्षतिग्रस्त पलकों की मरम्मत की गई। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।