फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: मुख्य बाड़े में दहाड़ेंगे बब्बर शेर...शावक को ''''शक्ति'''' नाम मिला

Sun, 16 Jun 2024 01:32 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (गोरखपुर चिड़ियाघर) में इटावा लायन सफारी से आए बब्बर शेरों को शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मुख्य बाड़े में प्रवेश कराया गया। बब्बर शेर भरत और शेरनी गौरी को अब दर्शक देख सकेंगे। लखीमपुर के जंगल से रेस्क्यू कर लाए गए बाघ के घायल शावक को मुख्यमंत्री ने ''''''''शक्ति'''''''' नाम दिया।
विज्ञापन

दो जून को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चिड़ियाघर का भ्रमण करने आए थे। तब उन्होंने बब्बर शेरों के बारे में जानकारी हासिल की थी। जैसे ही सीएम ने क्रॉल का गेट खोलकर यह कहा, चलो जाओ, बब्बर शेर दौड़ते हुए बाड़े में चला गया। मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर के निदेशक एवं डीएफओ विकास यादव से दोनों शेरों के बारे में जानकारी ली। शेर के बाड़े के समीप हरिशंकरी पौध का रोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। सीएम ने यहां तैल चित्रों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अपने एक चित्र पर ऑटोग्राफ भी दिया। मुख्यमंत्री के साथ वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना भी उपस्थित थे।

बिल्लू को खिलाया आइसक्रीम और शहद
सीएम योगी ने चिड़ियाघर का भ्रमण करते हुए निरीक्षण भी किया। भ्रमण करते हुए वह गैंडों की जोड़ी हरि और गौरी के बाड़े के पास पहुंचे और अपने हाथों से दोनों को चारा खिलाया। गैंडों की यह जोड़ी मुख्यमंत्री को काफी प्रिय है और इसके पहले दो जून को उन्होंने गैंडों को केला खिलाया था। भ्रमण के दौरान सीएम योगी हिमालयन भालू बिल्लू के बाड़े पर भी पहुंचे। उसे आवाज देकर बुलाया। गर्मी से परेशान इस भालू को उन्होंने आईसक्रीम, बर्फ का गोला और शहद खिलाया। हरि-गौरी और बिल्लू के बाड़े के पास सीएम ने कुल मिलाकर करीब बारह मिनट का वक्त बिताया। उन्होंने चिड़ियाघर के अन्य वन्यजीवों के बाड़ों तथा सांपघर का भी अवलोकन किया और गर्मी से बचाव के लिए और उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

सीएम ने बच्चों को दी चॉकलेट
चिड़ियाघर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री ने यहां आए वनटांगिया बस्ती और पूर्व माध्यमिक विद्यालय जंगल तिकोनिया नंबर तीन के बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्हें चॉकलेट भी गिफ्ट की। उन्होंने बच्चों को समझाया कि चॉकलेट का रैपर या अन्य कूड़ा इधर-उधर न फेंकें, डस्टबिन में ही डालें। गर्मी को देखते हुए खूब पानी पीते रहें। मुख्यमंत्री ने यहां लायन थीम पर फेस पेंटिंग कराए कुछ बच्चों से खूब हंसी-ठिठोली की। मुख्यमंत्री के साथ मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, डीएफओ एवं चिड़ियाघर के निदेशक विकास यादव आदि भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें