- मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद तैयार किया गया है संशोधन का प्रस्ताव, बोर्ड के अनुमोदन पर जारी होगी अधिसूचना
- शासन से अनुमोदन के बाद संशोधन के लिए लिखा गया है पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गोरखपुर महायोजना 2031 में संशोधन के लिए पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुझाव के बाद प्राधिकरण ने महायोजना में यह बदलाव किया है। संशोधित महायोजना 2031 के जारी होने के बाद गोरखपुर विकास प्राधिकरण अपनी वेबसाइट पर प्रकाशन कराएगा। अधिसूचना प्रकाशन के बाद शहरों में नए मास्टर प्लान के आधार पर भवनों के नक्शे पास किए जाएंगे।
केंद्र सरकार ने अमृत योजना में प्रदेश में 59 शहरों के जीआईएस आधारित मास्टर प्लान तैयार कराने के निर्देश दिए हैं। संबंधित शहरों के मास्टर प्लान के प्रारूप तैयार हो गए हैं। शासन स्तर पर इसका प्रस्तुतीकरण किया जा चुका है। आवास विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों के आधार पर इसे संशोधित कराते हुए अंतिम रूप दिया जा रहा है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने पुनरीक्षित मास्टर प्लान के संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा था। अपर मुख्य सचिव आवास नितिन रमेश की अध्यक्षता में हुई बैठक के आधार पर इसे मंजूरी दे दी गई है।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि शासन स्तर पर गठित समिति द्वारा दिए गए निर्देशों के आधार पर बोर्ड से इसकी पुष्टि कराएं। इसके बाद दो समाचार पत्रों में इसका विज्ञापन प्रकाशित कराने के साथ ही प्राधिकरण की वेबसाइट पर इसे प्रदर्शित करें। नया मास्टर प्लान लागू होने के बाद अवैध निर्माण पर काफी हद तक रोक लगेगी। तय भू-उपयोग के आधार पर निर्माण होने से अवैध निर्माण रुकेगा और शहरों का स्वरूप बदल जाएगा।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि नए मास्टर प्लान में विनियमित क्षेत्र एवं हरित क्षेत्र को लेकर सशर्त मंजूरी मिली है। जिसके संदर्भ में संशोधन के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। शासन ने दिशा निर्देश के मुताबिक अधिसूचना का प्रकाशन किया जाएगा।