महराजगंज। अगर आप नेपाल पर्यटन पर जा रहे हैं तो सावधान रहें, नहीं तो पर्यटक का मजा किरकिरा हो जाएगा। क्योंकि, दलाल भंंसार का कागज फर्जी बनवा रहे हैं। ऐसा रविवार को एक मामला सामने आया है। इसमें चार लोग पकड़े गए हैं।
रोजाना करीब 5,000 लोग नेपाल जाते हैं। नेपाल पहुंचते ही दलाल पर्यटकों को घेर लेते हैं। सतर्कता नहीं बरते तो उनके चंगुल में फंस सकते हैं। सोमवार को सोनौली कस्बे से बेलहिया भंसार कार्यालय परिसर में पहुंचने पर बलिया के राजदीपक नागवंशी मिले। वह अपने चार दोस्तों के साथ नेपाल के बुटवल भ्रमण पर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बारिश की वजह से पहाड़ों पर जाना ठीक नहीं है। वह प्रपत्र लेकर आगे बढ़े तो एक युवक उनसे मिला।
उसने बातचीत कि साथ ही भंसार का प्रपत्र बनवाने में सहयोग के लिए कहा। उसकी बात सुनकर राजदीपक आगे बढ़ गए और फोटो कापी कराने के बाद सीधे काउंटर पर गए और वहां प्रपत्र बनवाए। यहां से सड़क के दूसरी ओर पार्किंग में जाने पर कई युवक दिखे। वे सभी गाड़ी पार्किंग होते ही लोगों से संपर्क कर भंसार कराने की बातचीत कर रहे थे। उसमें कुछ लोग उन युवकों से भंसार पेपर बनवाने के लिए सहमत हो गए। कार्यालय के काउंटर पर लोगों की कतार लगी रही। कर्मियों ने बताया कि सीधे काउंटर पर आकर प्रपत्र बनवाने में गड़बड़ी की आशंका नहीं रहती है।
18 दलालों की तलाश में नेपाल पुलिस, नकली पपत्र देते थे पर्यटक गाइड
महराजगंज। भारत नेपाल सीमा सोनौली से सटे भैरहवा भंसार कार्यालय के बाहर घूमने वाले 18 युवकों की तलाश नेपाल पुलिस कर रही है। ये भारतीय पर्यटकों के गाइड के रुप में उनका नेपाल भंसार से पर्यटक वाहनों के भंसार शुल्क और आरटीओ परमिट बनाकर देते थे। इसके साथ ही उन्हें पोखरा-काठमांडो तक पहुंचाने और होटल, लाज में ठहराने की भी व्यवस्था कर देते थे। फर्जी भंसार प्रपत्र बनाने के मामले में चार युवकों की गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं नेपाल के भैरहवा भंसार कार्यालय में जांच तेज हो गई है। आरोपी भैरहवा भंसार कार्यालय में फर्जी कस्टम का कागज बनाकर भारतीय पर्यटक गाड़ी को नेपाल में प्रवेश दिला देते थे। पूछताछ में पता चला की तीन दिन पहले गोरखपुर के नंबर की एक भारतीय गाड़ी को लेकर चालक नेपाल के भंसार पर पकड़ा गया। उसने बताया कि दलाल के माध्यम से दो दिन के लिए उसने नेपाल कस्टम से कागजात बनवाया था। कागज चेक करने पर पता चला कि इस कस्टम कागज पर एक भारतीय ट्रक की एंट्री हुई है। इसके बाद कस्टम अधिकारियों ने सभी दलालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है।
काफी दिनों से चल रहा था नकली कागज का खेल
नकली कागज का खेल बहुत दिनों से चल रहा था। दलाल बिना कागजात के भी ज्यादा पैसा लेकर नकली आरसी कागज, कस्टम कागज, रूट परमिट बना कर भारतीय वाहनों को नेपाल में इंट्री करा देते थे। इससे चोरी के वाहनों के नेपाल भेजे जाने की आशंका अधिक हो गई है, जिसके बाद भंसार विभाग ओरिजनल कागजात और वाहनों के भंसार परिक्षेत्र में आने के बाद नेपाल जाने की इजाजत दे रहे हैं।
अनजान लोगों ने न बनवाए प्रपत्र
नेपाल रूपनदेही पर्यटन कारोबारी श्रीचंद गुप्ता ने नेपाल आने वाले सभी भारतीय पर्यटकों से शिफारिश किया है कि नेपाल प्रवेश के दौरान जान पहंचान वालो की ही सहायता ले अनजान लोगों से सीमा पर दलालों से नेपाल कस्टम का कागज बनवाना ठीक नहीं है। कोई भी भारतीय पर्यटक फंस सकता है। उन्होंने कहा कि भैरहवा भंसार के अधिकारियों को इस मामले में सख्ती बरतने की जरूरत है।
नौतनवा में बनाया जाता था नकली प्रपत्र
पकड़े गए चारों युवकों से पूछताछ में पता चला कि दलालों ने नौतनवा थाना क्षेत्र के निकट एक साइबर कैफे को अपना ठिकाना बनाया था। जहां नकली भंसार के साथ नकली वाहनों के पेपर एवं नकली लाइसेंस भी बनाए जाते थे।
कस्टम कागज चेक करने पर पता चला कि भारतीय नंबर प्लेट की कार का बना कागजात फर्जी है। गाड़ी के चालक के बताने पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ हो रही है। अन्य की तलाश की जा रही है।
-नागेंद्र चौधरी, सूचना प्रवक्ता, भैरहवा भंसार कार्यालय