शाहपुर थाने में पीड़िता ने दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके की एक युवती से मंगलवार रात क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर युवती से 2.50 लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। बुधवार को युवती ने शाहपुर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के एक मोहल्ले की युवती धर्मशाला स्थित एक निजी कार्यालय में काम करती है। युवती ने बताया कि मंगलवार रात आठ बजे के करीब उसके मोबाइल फोन पर एक अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह क्राइम ब्रांच का अधिकारी बोल रहा है। उसने कहा-तुम सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा अश्लील वीडियो देखती हो, जिसकी सूचना क्राइम ब्रांच पुलिस को हो गई है। आधे घंटे में पुलिस और मीडिया तुम्हारे घर पहुंच रही है। इसके बाद फोन कट गया।
20 मिनट बाद जालसाज ने दोबारा फोन कर कहा-तुमको छह माह की जेल व तीन लाख तक जुर्माना भरना पड़ेगा। अगर ऐसा नहीं चाहती हो तो 2.50 लाख रुपये देकर मामले में समझौता कर लो।
युवती को जब लगा कि कोई जालसाज है, तो उसे डांटते हुए कहा कि वह उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत करने जा रही है। इसके बाद जालसाज ने फोन काट दिया।