गोरखपुर के पादरी शाहपुर इलाके की आवास विकास कॉलोनी स्थित धोबी गली में मंगलवार की शाम एक युवक ने अपने मौसेरे भाई की आंख में चाकू और छीनी से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने आरोपी सनी, मनी निषाद, मीरा देवी और लक्ष्मी के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी स्थित धोबी गली निवासी रामदुलारे निषाद सिंचाई विभाग में नौकरी करते थे। एक साल पहले उनकी मृत्यु हो गई। उनकी दोनों बेटियां गीता और मीरा मां के पास रहती हैं। आरोप है कि रामदुलारे की पत्नी ज्योति देवी ने एक साल पहले पति की मृत्यु के बाद आश्रित कोटा से मिलने वाली नौकरी छोटी बेटी मीरा के पुत्र मनी निषाद को दे दी।
इसी बात को लेकर मौसेरे भाई (बड़ी मौसी का बेटा) सूरज निषाद से विवाद होता है। सूरज अपनी नानी से कई दिनों से ऑटो खरीदने के लिए रुपये मांग रहा था। आरोप है कि मंगलवार को भी रुपये की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों मौसेरे भाइयों में विवाद हो गया।
आरोप है कि सूरज निषाद को सनी और मनी ने चाकू और छीनी से आंख पर मारकर जख्मी कर दिया। इससे सूरज अचेत होकर गिर गया। किसी तरह पुलिस को सूचना दी। घायल को पुलिस अस्पताल ले गई।