सीएम योगी ने व्यापारियों से मुलाकात के बाद सड़क की चौड़ाई कम करने के दिए निर्देश
सड़क के दोनों किनारे डेढ़ मीटर की इंटरलॉकिंग नहीं बनेगी, डिवाइडर की चौड़ाई भी होगी कम
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। असुरन-पिपराइच फोरलेन की चौड़ाई सात मीटर कम होगी। अब यह सड़क करीब 20.50 मीटर ही चौड़ी बनेगी। सीएम योगी ने व्यापारियों से मुलाकात के बाद सड़क की चौड़ाई कम करने के निर्देश दिए हैं।
अब सड़क के दोनों किनारे डेढ़ मीटर की इंटरलॉकिंग नहीं बनेगी और डिवाइडर भी पतला होगा। करीब 19 किमी लंबी इस सड़क का फिर से सर्वे किया जाएगा और इसके बाद नए सिरे से तोड़फोड़ वाले हिस्सों पर लाल निशान लगाया जाएगा। इससे करीब 1500 से ज्यादा दुकान और मकान टूटने से बच जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार की सुबह पहले अधिकारियों के साथ असुरन-पिपराइच फोरलेन की चौड़ाई की जानकारी ली। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर में ही एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह के साथ आए व्यापारियों को बुलाकर बात की और उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने बताया कि अगर सड़क की चौड़ाई कम कर दी जाए तो बहुत से दुकान और मकान टूटने से बच जाएंगे। दुकान ही उनके आजीविका का साधन है।
उनकी बात सुनने के बाद सीएम योगी ने निर्देश दिया कि फोरलेन की चौड़ाई 7-7 मीटर का कैरेज-वे, आधा मीटर का डिवाइडर और अधिकतम 2-2 मीटर का डक्ट, यूटिलिटी बनाई जा सकती है। रोड के लिए 18 से 20 मीटर की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त किसी प्रकार के भूमि अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद अगर किसी की दुकान सड़क की जद में आती है तो जीडीए और नगर निगम की जिम्मेदारी होगी कि उनको आसपास में ही कांप्लेक्स बनाकर दुकानें उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए जल्द से जल्द जमीन की व्यवस्था की जाए।
सीएम ने कहा कि पूर्व में असुरन चौराहे पर तोड़ी गईं करीब 56 दुकानों को भी कांप्लेक्स बन जाने के बाद उसमें जगह दी जाएगी। तब तक के लिए उनके लिए नगर निगम और जीडीए अस्थायी व्यवस्था करेगा।
इस दौरान डीएम कृष्ण करुणेश, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल और पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता एके सिंह, पार्षद प्रतिनिधि मंतालाल यादव, ओमकार सिंह, अवधेश गुप्ता, राजेश श्रीवास्तव, आयुष सेंगर, प्रमोद मद्धेशिया, युवराज सिंह, दयानंद शर्मा, कन्हैया लाल वैश्य, सुनील गुप्ता, भाजपा के मंडल अध्यक्ष आनंद अग्रहरि आदि मौजूद रहे।
नगर निगम की 276 दुकानें नहीं टूटेंगी
पीडब्ल्यूडी की डीपीआर के अनुसार, फोरलेन की चौड़ाई 27.79 मीटर प्रस्तावित थी। इससे नगर निगम की भी 276 दुकानें आ रही थीं, जिन्हें अब बचाया जा सकेगा।
वर्जन
मुख्यमंत्री के निर्देश पर असुरन-पिपराइच फोरलेन की चौड़ाई कम करके 20.5 मीटर की जाएगी। अब 9-9 मीटर की जगह 7-7 मीटर चौड़ी सड़क एक तरफ की होगी। इंटरलॉकिंग नहीं बनेगा और डिवाइडर भी पतला होगा। इससे बहुत सारे लोगों के मकान-दुकान में तोड़फोड़ की जरूरत नहीं पड़ेगी।
-कृष्णा करुणेश, डीएम