वर्ष 2021 में बस्ती में तैनात सिपाही पर तिवारीपुर में दर्ज हुआ था केस
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। तिवारीपुर थाने में सिपाही पर दर्ज केस में सुलह के बदले उसके भाई से सपा नेता पर बीस लाख रुपये मांगने का आरोप लगा है। आरोप है कि सिपाही के भाई ने सपा नेता को दो लाख रुपये का इंतजाम करके दे दिया, लेकिन दो माह बाद भी सुलह नहीं हो सकी। युवक ने जब अपने रुपये वापस मांगे तो धमकी दी गई। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सहजनवां क्षेत्र के देवापार निवासी रवीश कुमार का आरोप है कि वर्ष 2021 में सपा नेता रामशंकर यादव के सहयोग से कुछ लोगों ने उसके बड़े भाई जो कि पुलिस में सिपाही हैं पर फर्जी केस दर्ज करवाकर जेल भिजवा दिया था। वादी रवीश ने बताया कि जब उसे केस की सच्चाई पता चली तो उसने सेंदुली बेंदुली निवासी सपा नेता रमाशंकर यादव से सुलह करने की गुजारिश की।
आरोप है कि सपा नेता ने सुलह के बदले 20 लाख रुपयों की मांग की। पीड़ित ने किसी तरह से दो लाख रुपये का इंतजाम कर रमाशंकर को दे दिए। वादी रवीश ने बताया कि रुपये लेने के कुछ माह बाद रमाशंकर ने कोई पैरवी नहीं की। काम न होने पर जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने रुपये देने से इन्कार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। थक-हार कर पीड़ित ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी शशि भूषण राय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।