- बड़हलगंज में पथरी का दवा लेने आई थीं बुजुर्ग, हार्ट अटैक की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
बड़हलगंज (गोरखपुर)। बड़हलगंज इलाके के आंबेडकर चौक के पास सोमवार को एक बुजुर्ग महिला की ऑटो से उतरते ही मौत हो गई। आशंका है कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई है। घटना की सूचना के बाद आए परिजन शव लेकर चले गए।
जानकारी के मुताबिक, बांसगांव इलाके के धूसना गांव की रहने वाली सुभावती देवी (65) पत्नी रामसती पथरी से पीड़ित थीं। सोमवार को वह बहू के साथ डॉक्टर को दिखाने आई थीं। उनका ऑपरेशन होने वाला था। आंबेडकर चौक के पास वह ऑटो से उतरीं। जैसे ही आगे बढ़ीं कि बदहवास होकर जमीन पर गिर गईं। परिजन उन्हें संभालते हुए लेकर वहीं पर बैठ गए। जब तक परिजन उन्हें अस्पताल लेकर जाते उनकी मौत हो गई।
अस्पताल में जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बहू ने घरवालों को मौत की जानकारी दी, इसके बाद आए परिजन शव लेकर चले गए। जिस तरह से आनन-फानन में उनकी जान गई है, उससे डॉक्टर हार्ट अटैक की ही आशंका जता रहे हैं। इसके पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं।