गोरखपुर। गुलरिहा इलाके में जमीन पर कब्जे के लिए महिला को बंधक बनाकर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों पर केस दर्ज कर मुख्य आरोपी योगेंद्र निषाद को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, तिवारीपुर के घासीकटरा की रहने वाली आरशी खातून पुत्री नसीरुद्दीन का कर्महा बुजुर्ग में जमीन है। महिला का आरोप है कि जमीन की चहारदीवारी तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की गई थी। इस मामले में महिला ने 14 जुलाई को गुलरिहा थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, इसी बीच 18 जुलाई की सुबह आरोपियों ने फिर कब्जा करने की कोशिश की।
आरशी का कहना है कि उन्होंने मना किया तो आरोपियों ने बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह पुलिस को सूचना दी। दो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपी भाग गए। पुलिस ने आरशी की तहरीर पर योगेंद्र निषाद, रविंद्र, चंपा देवीज, रोशनी, उर्मिला, मनीता, सोनी व एक अज्ञात पर केस दर्ज किया है। इन्हें मारपीट, बंधक बनाने का आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने रंगदारी और 7 सीएलए की धारा बढ़ाते हुए मुख्य आरोपी योगेंद्र निषाद को गिरफ्तार कर लिया।