गोरखपुर। अवैध पिस्टल की मदद से लोगों को धमका कर वसूली करने वाले दो चचेरे भाइयों को एम्स थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों एक महिला मित्र से मिलकर निकले थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपी राजन मिश्रा से पांच हजार रुपये में पिस्टल व कारतूस खरीदी थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिए गए। आरोपियों की पहचान चौरीचौरा के बिलारी निवासी अभिषेक उपाध्याय व प्रियरंजन उपाध्याय के रूप में हुई। अखिलेश वर्तमान में पिता के साथ पिपराइच के खड़राइच में रहता है। उसके पिता ऑटो चलाते हैं।
एम्स थाना प्रभारी मदन मोहन मिश्र ने बताया की बृहस्पतिवार की रात दरोगा अखिलेश अरुण व सिपाही वैभव श्रीवास्तव गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली को दो युवक असलहा के साथ जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर भैरोपुर के पास दोनों को रोका तो भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने दोनों को महादेव पुरम तिराहे से गिरफ्तार किया। उनके पास से अवैध पिस्टल व कारतूस मिले।
पुलिस की पूछताछ में अभिषेक व प्रियरंजन ने बताया कि दोनों भैरोपुर में एक महिला से मिलने आए थे। पिस्टल के बारे में बताया कि यह उन्होंने तीन माह पहले जेल में बंद राजन मिश्रा से पांच हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों फॉरेक्स ट्रेडिंग यानी विदेशी पैसों का एक्सचेंज करते हैं। जुआ आदि भी खेलते है। हालांकि, दोनों पर पहले से कोई केस दर्ज नहीं है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में केस दर्ज दोनों को जेल भिजवा दिया।