- नवोदय की तर्ज पर होगी सीबीएसई पैटर्न पर पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। जुलाई से शुरू होने वाले नए सत्र में श्रमिकों के बच्चे और कोरोना काल में अनाथ हुए बच्चे अटल आवासीय विद्यालय में पढ़ेंगे। प्रवेश कक्षा छह में होगा, इसके लिए 22 मई तक आवेदन किया जाना है।
18 जून को मंडल स्तर पर प्रवेश परीक्षा होगी, जिसमें 40 बालक और 40 बालिकाओं का ही प्रवेश लिया जाएगा। हर छात्र पर साल में करीब दो लाख रुपये का खर्च आएगा, जिसे सरकार वहन करेगी।
यह जानकारी बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में उप श्रमायुक्त अमित कुमार मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत अटल आवासीय विद्यालय योजना संचालित होने जा रही है।
इसमें पंजीकृत श्रमिकों के छह से 14 वर्ष तक की आयु के बच्चों को जूनियर हाईस्कूल और माध्यमिक शिक्षा की पढ़ाई कराई जाएगी। सहजनवां के ग्राम पिपरा में विद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है।
बताया कि श्रम विभाग के कार्यालय पर पहुंचकर कोई भी पात्र श्रमिक आवेदन कर सकता है। यह विद्यालय जवाहर नवोदय विद्यालय की तर्ज पर सीबीएससी पैटर्न पर आधारित है।