एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को भूमि विवाद के मामले में समझौता कराने के नाम पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एक दीवान व सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। दोनों खोराबार थाने के रामनगर कड़जहां पुलिस चौकी पर तैनात थे। एंटी करप्शन की टीम ने उनके विरुद्ध कैंट थाने में भ्रष्टाचार का केस दर्ज कराया है।
पकड़े गए दीवान की पहचान गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर अटवा निवासी एनाम खान के रूप में हुई है। सिपाही सूरज सिंह बलिया जिले के फेकना थाना क्षेत्र के लेवरुआ गांव का रहने वाला है। दोनों का इसी मामले में लोगों से विवाद करते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, कड़जहां गांव के रहने वाले दीनानाथ ने भूमि विवाद के संबंध में खोराबार के रामनगर कड़जहां पुलिस चौकी पर 10 दिन पहले शिकायत की थी। इसकी जांच चौकी पर तैनात दीवान एनाम खान और सिपाही सूरज सिंह कर रहे थे। समझौता करने के नाम पर दोनों 10 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे थे।
पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस लाइंस स्थित एंटी करप्शन थाना प्रभारी से की। प्रभारी ने मामले की जांच कराई तो शिकायत सही पाई गई। बुधवार दोपहर एंटी करप्शन के निरीक्षक सुबोध कुमार के साथ दीनानाथ मोतीराम अड्डा चौराहे पर पहुंचा और रुपये देने के लिए उसने दीवान और सिपाही को फोन कर चाय की दुकान पर बुलाया। 15 मिनट बाद दीवान एनाम खान और सिपाही सूरज सिंह दुकान पर पहुंचे।
चाय पीने के दौरान जैसे ही दीनानाथ ने उन्हें रुपये दिए, एंटी करप्शन की टीम ने दबोच लिया। दीवान और सिपाही के पकड़े जाने की जानकारी थाना प्रभारी खोराबार के साथ ही एसएसपी को देने के बाद टीम उन्हें कैंट थाने ले आई, जहां पूछताछ करने के साथ ही केस दर्ज कर कराया गया। दोनों को निलंबित भी कर दिया गया है।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि एंटी करप्शन की टीम ने दीवान और सिपाही को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों पर कैंट थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।