रामगढ़ताल थाने में दर्ज किया गया केस, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके में दूसरी जमीन दिखाकर नदी किनारे की जमीन बेचकर 12.50 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बड़गो निवासी सचिन कुमार पांडेय व झरवा निवासी सतीश यादव के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, रामगढ़ताल के बड़गो निवासी चांदनी पत्नी विवेकानंद ने दी तहरीर में लिखा है कि पति जमीन के डीलर सचिन कुमार पांडेय से उनके घर पर जमीन खरीदने के लिए मुलाकात की थी। तब सचिन ने कहा कि हमारे मित्र सतीश यादव की एक जमीन बगिया माता मंदिर के पश्चिम पीछे की तरफ है। पति को सचिन ने जमीन दिखाई तो जमीन पसंद आ गई और मैं बैनामा कराने के लिए तैयार हो गई।
चूंकि, सचिन के ही जरिये अजीत शुक्ला अपनी पत्नी के नाम से जमीन खरीद रहे थे और हमारे पति से अजीत शुक्ला से अच्छा संपर्क है, इस कारण से हम लोग भी सचिन के जरिये जमीन खरीदने के लिए उत्सुक थे। सचिन ने कई बार में 12.50 लाख रुपये वसूल लिए गए और अपने मित्र सतीश की मदद से जमीन दिलाई।
वहां पर बाउंड्री कराने गए तो उसे बर्फी के परिवार वालों ने रोक दिया। सचिन ने उस जमीन का बैनामा न करा करके एनएच-28 के दक्षिण दिशा में राप्ती नदी के किनारे वाली जमीन का बैनामा करा दिया और रुपये हड़प लिए।