गोरखपुर। युवक को होटल के कमरे में ले जाकर दरिंदगी करने के एक और आरोपी को चिलुआताल पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भिजवा दिया गया। पीड़ित युवक ने शनिवार की भोर में शाहपुर इलाके के एक योग मंदिर में सागौन के पेड़ से फंदे से लटक कर जान दे दी थी। पुलिस इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी आरोपी की तलाश में लगी हुई है।
महराजगंज जिले का युवक शाहपुर के चरगांवा में बड़े भाई के साथ किराए पर कमरा लेकर रहता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके बड़े भाई शाहपुर के एक योग मंदिर में 25 वर्षों से काम करते हैं। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार को इंस्टाग्राम पर करन ठाकुर नाम का एक युवक दोस्ती कर उसे चिलुआताल के रेल विहार स्थित एक होटल में ले गया और उसके साथ दरिंदगी की। उसके बाद आरोपी ने अपने तीन और दोस्तों को बुला लिया। सभी ने बेल्ट और थप्पड़ से मारपीट कर मोबाइल ले लिया और वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर रुपये की मांग करने लगे।
चिलुआताल पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ अप्राकृतिक दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर शनिवार को दो आरोपियों चिलुआताल इलाके एफसीआई कॉलोनी निवासी करन उर्फ आशुतोष मिश्रा और बीआरडी मेडिकल कॉलेज कैंपस टाइप-1 निवासी देवेश राजनन्द को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रविवार को तीसरे आरोपी चिलुआताल के झुंगिया बाजार के अमवा निवासी अंगद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में लगी हुई है।