गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सोमवार को मुख्यालय गोरखपुर और तीनों मंडलों के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलाया जा रहा है। कार्यक्रमों में स्वच्छता से समृद्धि विषय पर लोगों को जागरूक किया गया। रेलवे के कबाड़ को उपयोगी वस्तुओं में बदलने के लिए कबाड़ से जुगाड़ और कबाड़ से कला के तहत पहल की गई। पुराने संकेत उपकरण, डिब्बों के पुर्जे और धातु के कबाड़ से उपयोगी वस्तुएं और कलाकृतियां बनाने के लिए रेलकर्मियों को प्रेरित किया गया। इन वस्तुओं को स्टेशनों, रेल कॉलोनियों और अन्य स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा। स्टेशनों और रेल कॉलोनियों में एकत्र प्लास्टिक कचरे को अधिकृत पुनर्चक्रणकर्ताओं तक पहुंचाने के लिए भी कार्यक्रम किए गए। यात्रियों, रेलकर्मियों और आम लोगों से रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।