मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों पर इस वर्ष भी देश-विदेश की नामी कंपनियां मेहरबान हैं। दुनिया की सबसे बड़ी शॉपिंग कंपनियों में से एक अमेजन ने इस बार भी एमएमएमयूटी की तीन छात्राओं को 1.10 लाख रुपये पर इंटर्नशिप ऑफर दिया है।
अमेजन हर वर्ष एमएमएमयूटी के दो-तीन विद्यार्थियों को कैंपस प्लेसमेंट देता है। उससे पहले इंटर्नशिप के दौरान एक लाख रुपये मंथली दी जाती है। इंटर्नशिप पूरा होने के बाद सभी विद्यार्थियों को 42 से 50 लाख रुपये का पैकेज मिलता रहा है। इसे देखते हुए माना जा रहा है कि इन छात्राओं को भी इंटर्नशिप पूरा होने के बाद 42 से 50 लाख रुपये तक का वार्षिक पैकेज मिल सकता है।
एमएमएमयूटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के चेयरमैन प्रो. वीके द्विवेदी ने बताया कि अमेजन में इंटर्नशिप पाने वाली तीनों छात्राएं आयुषी मिश्रा, सेजल गंगवार और आकृति श्रीवास्तव कंप्यूटर साइंस विभाग से हैं। छात्रा आयुषी मिश्रा को बंगलूरू, सेजल गंगवार और आकृति श्रीवास्तव को गुरुग्राम में इंटर्नशिप पूर्ण करना है। तीनों छात्राओं का चयन सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर (इंटर्न) के पद पर किया गया है।
सीएस छात्र को 23.5 लाख का पैकेज
एमएमएमयूटी के आईटी के छात्र मोहम्मद इफहाम को एक मल्टीनेशनल कंपनी ने 23.5 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज ऑफर किया है। एमएनसी ने उन्हें चंडीगढ़ में तैनाती दी है। वर्तमान सत्र में सबसे अधिक पैकेज पाने वाले विद्यार्थियों में इफहाम शामिल हो गए हैं।
एचपी में तीन को मिला प्लेसमेंट
प्लेसमेंट सेल की समन्वयक सुकन्या पांडेय ने बताया कि पहली बार कैंपस ड्राइव के लिए आई हेवलेट पैकर्ड ने तीन छात्र-छात्राओं को 10-10 लाख रुपये का वार्षिक पैकेज ऑफर किया है। आईटी की आकांक्षा त्रिपाठी, सीएस के अंकित सेठ व इलेक्ट्रॉनिक्स की इशिता गुप्ता को प्लेसमेंट मिला है।
200 के पार पहुंची प्लेसमेंट की संख्या
छात्र सचिव मुदित पांडेय ने बताया कि इस सत्र में प्लेसमेंट पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या दो सौ के पार पहुंच गई है। कुल 208 छात्र-छात्राओं को अब तक प्लेसमेंट मिला है। एलएंडटी में 15 और छात्रों का चयन 6 लाख के वार्षिक पैकेज पर हुआ है। इस तरह एलएंडटी में इस सत्र में 36 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिल चुका है। इसके अलावा आईबीएम में 17 विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है।
प्लेसमेंट के लिए मल्टीनेशनल कंपनियों के आने का दौर जारी है। इस शैक्षणिक सत्र में अबतक 200 छात्रों को प्लेसमेंट मिल चुका है। आने वाले समय में कई अन्य कंपनियाें से कैंपस ड्राइव के लिए बात चल रही है।
- प्रो. जेपी सैनी, कुलपति, एमएमएमयूटी