चर्च मिशन सोसाइटी की बशारतपुर स्थित 94 एकड़ जमीन को बेचने की शिकायत इंडियन ट्रस्ट चर्च के मैनेजर बाॅबी विलियम ने जीडीए उपाध्यक्ष से की है। आरोप है कि चर्च की जमीनों पर लोगों ने आवास, दुकान और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बनवा लिए हैं। उन्होंने उनके मानचित्र की जांच की मांग की है। शिकायत की प्रति उन्होंने कमिश्नर कार्यालय में भी दी है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि घोष बाबू के परिजनों ने गलत तरीके से एक व्यक्ति को लीज की जमीन की पॉवर ऑफ अटार्नी सौंप दी। उसके आधार पर घोष बाबू के हाता की लीज की 94 एकड़ जमीन को प्लाटिंग कर बेच दिया गया, जबकि लीज की जमीन लीजी (लीज लेने वाला) के निधन के बाद स्थानांतरित नहीं होती है।
इसके लिए दावेदार को फिर से आवेदन करना होता है और कमेटी इस पर फैसला लेती है। जीडीए उपाध्यक्ष से शिकायत करते हुए बाॅबी विलियम ने जमीन पर बन चुके आवास व दुकानों के मानचित्रों की जांच की मांग की है। जिसमें कहा है कि अगर बिना नक्शा गलत तरीके से भवन बनाए गए हैं तो जीडीए जुर्माना लगाकर सरकारी राजस्व की क्षति की भरपाई भी करे। इससे जरूरतमंदों और विकास योजनाओं को काम में सरकारी धन का प्रयोग हो सकेगा।
बैनामा करवा चुके लोग बेचैन
चर्च की जमीन का बैनामा करवा चुके लोगों में अब बेचैनी है। मामला सामने आने पर अब लोग अपने बैनामे और घोष बाबू की रजिस्ट्री डीड को खोजने के लिए कचहरी से लेकर रजिस्ट्री ऑफिस का चक्कर लगा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि रिकॉर्ड रूम से रजिस्ट्री डीड का कागज नहीं मिलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
ये है मामला
इंडियन ट्रस्ट चर्च के मैनेजर बॉबी विलियम ने पादरी बाजार में घोष बाबू हाता की जमीन को अवैध तरीके से बेचे जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की है। आरोप लगाया कि घोष बाबू के परिजनों ने शहर में गलत तरीके से एक व्यक्ति को लीज की जमीन की पॉवर ऑफ अटार्नी सौंप दी।
इसी फर्जी पॉवर ऑफ अटार्नी के जरिए घोष बाबू के हाता की लीज की 94 एकड़ जमीन को सीधे-साधे लोगों को बेच दी गई। इसकी जानकारी चर्च ऑफ इंडिया को 2013 में हुई। लीजी से संपर्क करने पर वहां से परिजन कोई नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से फरियाद लगाई है।
मुख्यमंत्री से भी कर चुके हैं शिकायत
इंडियन ट्रस्ट चर्च के मैनेजर बाॅबी विलियम सीएम से भी इस पूरे मामले की शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर अपनी पूरी शिकायत के साथ चर्च की पूरी जमीन को सरकार के कब्जे में लिए जाने की गुजरिश की है। कहा, विकास कामों में चर्च की जमीन प्रशासन करके प्रदेश के विकास को और तेजी से बढ़ाने की मांग भी की है।