डॉक्टरों व अन्य स्टॉफ की भर्ती के लिए शुरू हुई प्रक्रिया
इसके शुरू होने से पूर्वांचल के हजारों लोगों को मिलेगी अच्छी चिकित्सा सेवा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स में ब्लड बैंक और डायलिसिस की सुविधा शुरू होने के बाद अब यूरोलाॅजी, गैस्ट्रोलॉजी और न्यूरो सर्जरी में सुपर स्पेशलिटी सेवाएं भी जल्द शुरू होने वाली हैं। इसके विशेषज्ञ और अनुभवी डॉक्टरों की तैनाती के लिए एम्स प्रशासन ने आवेदन मांगे हैं। इसके साथ एम्स के अन्य विभागों में भी रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
बीते जनवरी में कार्यकारी निदेशक डॉ. जीके पाल ने एम्स में सुविधाएं बढ़ाने का प्रयास शुरू किया था। इस क्रम में पहले रिक्त पदों पर यहां कार्यरत डॉक्टरों को प्रमोशन दिया गया। इसके बाद ब्लड बैंक व डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन हुआ। अब पूरा फोकस सुपर स्पेशलिटी सुविधा और विभिन्न विभागों के रिक्त पड़े पदों पर नई तैनाती पर है।
अलग-अलग विभागों में डॉक्टरों के रिक्त 65 पदों के लिए विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है। इसमें से गैस्ट्रो, यूरोलॉजी और न्यूरो सर्जन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती होगी। डॉक्टरों की नियुक्ति के बाद इन तीन विभागों में सुपर स्पेशलिटी सेवा शुरू होगी।
-
नए शिक्षकों की तैनाती से भर्ती हो सकेंगे अधिक मरीज
एम्स में कुल 750 बेड पर मरीज भर्ती करने की सुविधा है, लेकिन अभी तक केवल 450 बेड पर ही मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री के सामने भी इस मामले पर चर्चा हुई थी। तब प्रेसिडेंट देश दीपक वर्मा ने कहा था कि अब हम बाकी बचे सीटों को भी क्रियाशील बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। नए शिक्षकों की तैनाती के बाद इन 300 बेडों को भी क्रियाशील बनाना आसान हो जाएगा। क्योंकि इसी महीने एम्स के पहले बैच के 44 जूनियर डॉक्टर भी पढ़ाई पूरी कर इंटर्नशिप के लिए आ गए हैं। जूनियर और सीनियर डॉक्टरों की इस मौजूदगी से एम्स में इलाज के लिए आने वालों को राहत मिलेगी।
-