संवाद न्यूज एजेंसी
गाेरखपुर।
एम्स में तैनात आउटसोर्सिंग अफसरों ने शुक्रवार को जनता दरबार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी परेशानी कही। मुख्यमंत्री से आश्वासन मिलने के बाद अफसरों की चिंताएं कम हुईं हैं।
मालूम हो कि एम्स में आउटसोर्सिंग पर तैनात 56 नर्सिंग अफसरों को रातों-रात नौकरी से हटने का फरमान जारी कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने एम्स प्रशासन से अपनी शिकायत की। समस्या का हल न मिलने पर वे मुख्यमंत्री के गोरखपुर आने की राह देख रहे थे। शुक्रवार को अवसर मिलने पर सुबह ही नर्सिंग अफसर जनता दरबार में पहुंच गए। मुख्यमंत्री से उन्होंने कहा कि दिन-रात एम्स में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, बिना किसी गलती के हमें नौकरी से निकाला जा रहा है। मुख्यमंत्री ने नर्सिंग अफसरों की बात सुनने के बाद उनकी नौकरी के विषय में आश्वासन देने के साथ एम्स डायरेक्टर से इस विषय पर बात करने की बात कही। नौकरी का आश्वासन पाने के बाद अफसरों को राहत मिली है।
नौ को आएंगे एम्स के डायरेक्टर, हाेगी बात
नौ सितंबर को एम्स के कार्यकारी निदेशक के एम्स पहुंचने के बाद आउटसोर्सिंग अफसरों की बातों को उनके सामने रखा जाएगा। अफसर अपनी नौकरी से संबंधित अपने पक्ष उनके सामने रखेंगे, जिसके बाद इस समस्या का हल निकालने पर विचार होगा।