परिसर में ही 80-90 फीसदी सस्ती मिलेंगी दवाएं
शेल्टर होम, जन औषधि केंद्र व शाॅपिंग काॅम्प्लेक्स का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स आए मरीजों के तीमारदारों को महज 100 से 200 रुपये में ही परिसर में आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। परिसर में खुले 170 बेड के शेल्टर होम (धर्मशाला) में यह सुविधा तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके अलावा परिसर में ही शाॅपिंग काॅम्प्लेक्स और 80 से 90 फीसदी सस्ती दवाओं के लिए इमरजेंसी वार्ड के बगल में जन औषधि केंद्र भी शुरू हो गया है।
शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने एम्स जोधपुर से यहां की तीन परियोजनाओं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, डे-नाइट शेल्टर होम और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को एम्स के सभागार में कार्यकारी निदेशक, डॉ. जीके पाल, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों और छात्रों की उपस्थिति में लाइव दिखाया गया।
-
मरीजों व तीमारदारों को मिलेगी राहत
नई खुली प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र इमरजेंसी वार्ड के बगल में ही है। यहां लोगों को ब्रांडेड दवाओं की तुलना में करीब 80-90 फीसदी कम रेट पर दवा उपलब्ध होगी। उद्घाटन के तुरंत बाद से ही इसे शुरू करा दिया गय है। कार्यकारी निदेशक डॉ. जीके पाल ने बताया कि अलग-अलग कमरों का किराया प्रति रात 100-200 रुपये के बीच होगा, जिसमें संलग्न शौचालय, टेबल, कुर्सियां, कपड़े सुखाने के लिए बालकनी की सुविधा होगी। सभी को वाई-फाई और इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। रियायती दर पर भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। आखिरी परियोजना आवासीय क्वार्टरों के नजदीक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है। इसका निर्माण 17,989,944.00 रुपये में हुई है। इसमें पांच दुकानों के लिए जगह है। इसमें डाइनिंग हॉल की सुविधा के साथ एक बड़ा रसोईघर क्षेत्र भी है। संस्थान के भीतर ऐसी सुविधा छात्रों के साथ-साथ परिसर में रहने वाले संकाय सदस्यों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए वरदान होगी।
कोट
जन हितैषी सुविधाओं से एम्स के रोगी संतुष्टि सूचकांक में सुधार होगा। जल्द ही ब्लड बैंक और डायलिसिस यूनिट भी शुरू हो जाएगा।
- डॉ. जीके पाल, कार्यकारी निदेशक