गोरखपुर। विजयादशमी के अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महायोगी गुरु गोरखनाथ का विधि-विधान से विशिष्ट पूजन कर गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली विजय शोभायात्रा की अगुवाई करेंगे। शोभायात्रा का समापन मानसरोवर रामलीला मैदान में होगा जहां गोरक्षपीठाधीश्वर प्रभु श्रीराम का पूजन व राज्याभिषेक करेंगे। गोरखनाथ मंदिर से शाम को करीब चार बजे निकलने वाली परंपरागत शोभायात्रा में हर वर्ग के लोग तो शामिल होते हैं। शोभायात्रा इसलिए भी आकर्षक और अनूठी होती है कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भी इसके स्वागत के लिए गोरखनाथ मंदिर के मुख्य द्वार से थोड़ी दूरी पर घंटों पहले फूलमाला लेकर खड़े रहते हैं। तुरही, नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच निकलने वाली यह शोभायात्रा न केवल सनातन आस्था का प्रतीक है, बल्कि पूर्वांचल में सामाजिक एकता और सौहार्द का सबसे बड़ा संदेश भी देती है। गोरक्षपीठाधीश्वर नाथपंथ की परंपरा के अनुसार विशेष परिधान में होते हैं। पीठाधीश्वर, गुरु गोरक्षनाथ का आशीर्वाद लेकर अपने वाहन पर सवार होंगे। तुरही, नगाड़े व बैंड बाजे की धुन के बीच शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी। ब्यूरो